खोदावंदपुर,बेगूसराय। खोदावंदपुर पंचायत के वार्ड 08 में गुरुवार को प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गैरमजरूआ खास भूमि पर बने 13 झोपड़ीनुमा घरों को बुलडोजर से ध्वस्त कर भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया. इसकी जानकारी देते हुए अंचल अधिकारी सह प्रभारी बीडीओ प्रीति कुमारी ने बताया कि अतिक्रमण वाद संख्या- 01/2021-22 में सुनवाई के बाद न्यायालय के आदेश के आलोक में यह अभियान चलाया गया. उन्होंने बताया कि मौजा खोदावंदपुर के खाता- 393 एवं खेसरा- 1522 स्थित लगभग चार कट्ठा गैरमजरूआ खास भूमि पर वर्षों से अतिक्रमण था, जिसे हटाकर सरकारी भूमि को मुक्त कराया गया है. मिली जानकारी के अनुसार आवेदक सुनील कुमार द्वारा भूमि अतिक्रमण की शिकायत की गई थी. मामले की सुनवाई के उपरांत संबंधित न्यायालय ने अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया था. वहीं एक प्रतिवादी रामशंकर महतो द्वारा जिला दंडाधिकारी न्यायालय में अपील दायर की गई थी, जहां से भी अतिक्रमण मुक्त कराने का आदेश जारी किया गया. इसके अतिरिक्त राज्य सूचना आयोग द्वारा भी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने का भी निर्देश दिया गया था. इन्हीं आदेशों के अनुपालन में प्रशासन ने कार्रवाई की. अभियान के दौरान कुल 13 प्रतिवादियों के झोपड़ीनुमा घरों को हटाया गया. अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में थानाध्यक्ष चंदन कुमार, एसआई अख्तर हुसैन, विनय कुमार पांडेय, राजस्व कर्मचारी निसार कुमार विद्यार्थी, अंचल अमीन मनीष कुमार सहित जिला पुलिस बल के महिला एवं पुरुष जवान तैनात शामिल थे. अंचल अधिकारी ने स्पष्ट कहा है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जयेगा और न्यायालय के आदेशों का सख्ती से अनुपालन कराया जायेगा.