देशी कट्टा लहराते युवक को ग्रामीणों ने दबोचा, किया पुलिस के हवाले

खोदावंदपुर, बेगूसराय। तारा-नरहन मुख्य मार्ग पर सोमवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब बाइक पर सवार एक युवक खुलेआम देशी कट्टा लहराते हुए देखा गया. युवक की इस हरकत से आसपास के लोगों में दहशत फैल गयी. तत्पश्चात ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए बाइक का पीछा किया और फफौत पुल चौक के समीप दोनों युवकों को पकड़ लिया. बाद में उन्हें खोदावंदपुर पुलिस के हवाले कर दिया गया. घटना सोमवार सुबह करीब 9 बजे की बतायी जा रही है. ग्रामीणों के अनुसार तारा-नरहन मुख्य सड़क पर महना बांध के समीप बाइक पर पीछे बैठा युवक अचानक देशी कट्टा लहराने लगा. यह देख लोगों ने शोर मचाते हुए उसका पीछा शुरू कर दिया. कुछ ही देर बाद फफौत पुल चौक के समीप दोनों युवकों को पकड़ लिया गया. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची खोदावंदपुर पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया. हिरासत में लिये गये युवकों की पहचान समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना अंतर्गत डीह बोरिया गांव निवासी दिनेश महतो के पुत्र रोहित कुमार तथा इसी गांव के बबलू राम के पुत्र दिलखुश कुमार के रूप में की गयी है. पुलिस सूत्रों के अनुसार युवकों के पास से बरामद बाइक बीआर-33 डी- 9113 डीह बोरिया गांव के टुनटुन राम के नाम से पंजीकृत है. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों युवक भोजा शाहपुर गांव से वापस अपने घर लौट रहे थे. फिलहाल पुलिस दोनों युवकों से गहन पूछताछ कर रही है. पुलिस सूत्रों का कहना है कि दोनों किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हो सकते थे. मामले की जांच जारी है. इसकी जानकारी देते हुए प्रभारी थानाध्यक्ष अख्तर हुसैन ने बताया कि एक देशी कट्टा, एक बाइक व मोबाइल के साथ दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया. तथा गिरफ्तार दोनों युवक नाबालिक है. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार दोनों युवकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में बेगूसराय भेज दिया गया.