खोदावंदपुर, बेगूसराय। डबल इंजन की एनडीए सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है. महंगाई लगातार बढ़ रही है और मजदूरों को रोजगार नहीं मिल रहा है. उक्त बातें महागठबंधन के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सह राजद नेता सुशील कुशवाहा ने मंगलवार को खोदावंदपुर प्रखंड मुख्यालय परिसर में आयोजित धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में खुलेआम शराब की बिक्री हो रही है, लेकिन प्रशासन इस पर अंकुश लगाने में विफल है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में लोगों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर भी हमला हो रहा है. संघर्ष के माध्यम से ही आम लोग अपने अधिकारों और अस्तित्व की रक्षा कर सकते हैं. वहीं माले नेता अवधेश कुमार ने कहा कि यह क्रांतिकारियों की धरती रही है और आज हर घर में भगत सिंह तथा कर्पूरी ठाकुर जैसे व्यक्तित्व के जन्म लेने की आवश्यकता है. उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था का स्तर लगातार गिर रहा है. मसुराज में डिग्री कॉलेज तो खोल दिया गया, लेकिन अब तक वहां प्रोफेसरों की बहाली नहीं की गई है, जिससे छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नहीं मिल पा रही है. उन्होंने कहा कि प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी नियमित रूप से कार्यालय नहीं आते हैं, इसके बावजूद प्रशासन मौन बना हुआ है. माले नेता ने जनप्रतिनिधियों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अधिकांश जनप्रतिनिधियों में राजनीतिक चेतना की जगह केवल योजनाओं की राजनीति हावी है. यह नैतिक मूल्यों के पतन का संकेत है. धरना को संबोधित करते हुए प्रखंड राजद अध्यक्ष मोहम्मद जियाउर रहमान ने कहा कि आज हर जगह भ्रष्टाचार का बोलबाला है तथा महंगाई से आम जनता त्रस्त है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रखंड, अंचल, थाना, अस्पताल समेत विभिन्न सरकारी कार्यालयों में बिना नजराना दिए आम लोगों का काम नहीं होता है. सरकारी कार्यालयों में दलालों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है. इस अवसर पर राजद नेता विजय सिंह कुशवाहा ने कहा कि प्रखंड मुख्यालय मैदान में वर्षों पूर्व गिराई गई मिट्टी को समतल कराने की दिशा में भी कोई पहल नहीं की गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि घरेलू गैस और नल-जल योजना पूरी तरह विफल साबित हो रही है. कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संचालन प्रखंड राजद अध्यक्ष मोहम्मद सैफी ने किया. धरना को अधिवक्ता मोहम्मद शकील, सीताराम महतो, रामप्रीत यादव, लालबाबू यादव, चन्द्रशेखर चौधरी, संतोष यादव, राजेश यादव, भोला यादव, रामनंदन दास, कैलाश यादव, हरेराम महतो, नवीन कुमार झुना, रंजीत सहनी सहित अन्य नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भी संबोधित किया.