तेज रफ्तार का कहर: सड़क हादसे में युवक की मौत, गांव में पसरा मातम

खोदावंदपुर,बेगूसराय। बेगूसराय-रोसड़ा मुख्य पथ एस एच-55 पर तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है. खोदावंदपुर पोखर के समीप रविवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में गंभीर रूप से घायल एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गयी. युवक की मौत की खबर से उसके परिजनों में कोहराम मच गया तथा पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. मृतक की पहचान खोदावंदपुर पंचायत के वार्ड 8 निवासी नरेश महतो के 30 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार के रूप में की गयी है. प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को खोदावंदपुर प्रखंड मुख्यालय से उत्तर स्थित पोखर के समीप ओवरटेक करने के दौरान दो बाइकों के बीच जोरदार टक्कर हो गयी. हादसा इतना भीषण था कि अभिषेक कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए तत्काल घायल युवक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खोदावंदपुर पहुंचाया, वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय रेफर कर दिया. परिजन उसे आगे इलाज के लिए समस्तीपुर के एक निजी क्लिनिक में ले गए, जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गयी. सूत्रों के अनुसार समस्तीपुर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करायी तथा बाद में शव परिजनों को सौंप दिया.
शव गांव पहुंचते ही मचा कोहराम:-
सोमवार को जैसे ही अभिषेक कुमार का शव गांव पहुंचा, परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गयी. मां पुनीता देवी, वृद्ध दादी सुदामा देवी, छोटे भाई अंशु कुमार तथा बहन नेहा कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल था. पिता नरेश महतो की आंखों से भी आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे. परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया. युवा पुत्र की असमय मौत से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. ग्रामीणों ने प्रशासन से एस एच-55 पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की है. हादसे के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गयी है.