खोदावंदपुर/बेगूसराय। शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने में अग्रणी भूमिका निभा रहा सी डी फोर्ट पब्लिक स्कूल नारायणपुर, इन दिनों विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से छात्रों एवं शिक्षकों को प्रकृति से जोड़ने का कार्य कर रहा है. विद्यालय के निदेशक एस के सिंह एवं चेयरमैन मंजु सनगही के मार्गदर्शन में स्कूल केवल शैक्षणिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के क्षेत्र में भी सक्रिय योगदान दे रहा है. विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी शिक्षकों को साइकिल से विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया गया. इस अवसर पर शिक्षकों ने साइकिल रैली निकालते हुए सी डी फोर्ट विद्यालय से रोसड़ा रेलवे फाटक तक यात्रा की और पुनः विद्यालय लौटे. इस हरित यात्रा के माध्यम से ईंधन बचत, स्वास्थ्य संवर्धन और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया. कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षकों को ‘पर्यावरण दूत सम्मान’ से सम्मानित किया गया. वहीं विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शिक्षकों ने नीम, पीपल एवं आम जैसे देशी पौधों का रोपण कर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया. विद्यालय में आयोजित रचनात्मक गतिविधियों के तहत शिक्षकों ने पुराने एवं अनुपयोगी सामानों से पेन स्टैंड, बर्ड फीडर और पेपर बैग बनाकर पुनर्चक्रण (रिसाइक्लिंग) का संदेश दिया. ‘धरती ध्यान’ कार्यक्रम के अंतर्गत शिक्षकों ने पांच मिनट तक प्रकृति की आवाजों को सुनकर अपने अनुभव साझा किए तथा स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में भाग लिया.इसके अलावे ‘ग्रीन ऑडिट’ कार्यक्रम के तहत विद्यालय परिसर में पानी, बिजली और स्वच्छता की स्थिति का आकलन किया गया तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए गए. कार्यक्रम के अंत में सभी शिक्षकों को फूलदार पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया. इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में समाज और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है. उन्होंने कहा कि इसी सोच के साथ विद्यालय नवाचार, पर्यावरण संरक्षण और समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है.