खोदावन्दपुर में आपसी विवाद में चली गोली, युवक गंभीर रूप से जख्मी. *घटनास्थल से हथियार बरामद, पुलिस जांच में जुटी, सदर अस्पताल में चल रहा युवक का इलाज*

खोदावंदपुर/बेगूसराय। खोदावंदपुर गांव में गुरुवार की शाम आपसी विवाद के दौरान चली गोली में एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. जख्मी युवक की पहचान खोदावंदपुर पंचायत के वार्ड पांच निवासी रंजीत पासवान के 21 वर्षीय पुत्र आनंद कुमार के रूप में की गई है. स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, खोदावंदपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय रेफर कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही खोदावंदपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रारंभिक जांच में खोदावंदपुर गांव के वार्ड पांच निवासी नंदू साह के पुत्र शिवम कुमार पर गोली चलाने का आरोप लगाया जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जा रही है. वहीं घायल युवक की हालत चिंताजनक बनी हुई है.