खोदावंदपुर,बेगूसराय। खोदावंदपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की देर शाम एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने दो युवकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है. इस संबंध में खोदावंदपुर थाना कांड संख्या- 63/26 दर्ज कर पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. इसकी जानकारी देते हुए प्रभारी थानाध्यक्ष अख्तर हुसैन ने बताया कि नामजद दोनों आरोपित घायल युवक के मित्र एवं ग्रामीण हैं. घटना के बाद से दोनों फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी अभियान चला रही है. विदित हो कि गुरुवार की संध्या खोदावंदपुर गांव के वार्ड- 05 निवासी रंजीत पासवान के 21 वर्षीय पुत्र आनंद कुमार को गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया था. परिजनों एवं स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल इलाज के लिए बेगूसराय के एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है तथा घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.