खोदावंदपुर/बेगूसराय। खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के फफौत पंचायत अंतर्गत चकवा गांव के वार्ड- 13 में गुरुवार की सुबह चूल्हे की चिंगारी से अचानक भीषण आग लग जाने के कारण एक गरीब परिवार का आशियाना जलकर राख हो गया. इस अगलगी की घटना में घर में रखा बिछावन, अनाज, कपड़े, बर्तन, कीमती जेवरात तथा 40 हजार रुपये नकद सहित लाखों मूल्य की संपत्ति जलकर नष्ट हो गयी. घटना के बाद पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. मिली जानकारी के अनुसार स्वर्गीय जोगी महतो के पुत्र कैलाश महतो के एस्बेस्टस निर्मित घर में 23 जुलाई की सुबह अचानक आग लग गयी. आग की लपटें उठती देख आस-पास के लोगों में अफरातफरी मच गयी. ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद आग पर आंशिक रूप से काबू पाया गया. इसी बीच सूचना मिलने पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने आग को पूरी तरह बुझाकर उसे आस-पास के घरों तक फैलने से रोक दिया. पीड़ित परिवार की सदस्य मनीषा कुमारी ने बताया कि गुरुवार की सुबह वह लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाकर अपनी मां के साथ खेत चली गयी थी. इसी दौरान किसी ग्रामीण ने फोन कर घर में आग लगने की सूचना दी. जब तक वे दोनों वापस घर पहुंचीं, तब तक पूरा घर और उसमें रखा सामान जलकर राख हो चुका था. अगलगी में बेटी की शादी के लिए वर्षों से संजोकर रखा गया जेवर, 40 हजार रुपये नकद, अनाज, बिछावन, कपड़े, बर्तन समेत घरेलू उपयोग की अन्य सामग्री पूरी तरह नष्ट हो गयी. परिवार के अनुसार इस घटना में लगभग दस लाख रुपये की क्षति हुई है. ग्रामीणों ने बताया कि कैलाश महतो का परिवार अत्यंत गरीब है. परिवार का भरण-पोषण मजदूरी से होता है. कैलाश महतो एवं उनका पुत्र नीतीश कुमार बेंगलुरु में रहकर मजदूरी करते हैं. दो वर्ष पूर्व परिवार के छोटे पुत्र नीरज कुमार की रेल दुर्घटना में मौत हो चुकी है. अब इस अगलगी की घटना ने परिवार को पूरी तरह से आर्थिक संकट में डाल दिया है. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है. वहीं दूसरी ओर अग्निपीड़िता अनिता देवी की पुत्री मनीषा कुमारी ने अंचल अधिकारी को आवेदन देकर मुआवजे की मांग की है. अंचल अधिकारी हरिकेश त्रिपाठी के निर्देश पर राजस्व कर्मचारी मनीष कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया और आवश्यक प्रतिवेदन तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. प्रशासन की ओर से नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है.