खोदावंदपुर,बेगूसराय। खोदावंदपुर प्रखंड के बाल विकास परियोजना कार्यालय को वर्षों बाद स्थायी सीडीपीओ मिल गयी है. पूर्वी चंपारण जिले के पहाड़पुर प्रखंड से स्थानांतरित होकर आयी माला कुमारी ने सोमवार को विधिवत अपना पदभार ग्रहण किया. उन्होंने प्रभारी सीडीपीओ नितेश कुमार से कार्यभार संभाला. पदभार ग्रहण के अवसर पर प्रखंड समन्वयक विवेक कुमार, महिला पर्यवेक्षिका रेणु कुमारी, कामनी कुमारी, सोनम कुमारी सहित बाल विकास परियोजना कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे. कार्यभार संभालने के बाद नई सीडीपीओ माला कुमारी ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित बाल विकास परियोजना की सभी योजनाओं एवं कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारना उनकी प्राथमिकता होगी. उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी सेविकाओं को और अधिक सशक्त बनाने तथा लाभुकों तक योजनाओं का समुचित लाभ पहुंचाने के लिए सभी कर्मियों के सहयोग और जनभागीदारी की आवश्यकता है.
उल्लेखनीय है कि खोदावंदपुर प्रखंड में सीडीपीओ का पद लंबे समय से रिक्त था. इस दौरान वीरपुर प्रखंड के सीडीपीओ नितेश कुमार अतिरिक्त प्रभार में कार्यालय का संचालन कर रहे थे, जिससे प्रशासनिक कार्यों के निष्पादन पर असर पड़ रहा था. ऐसे में स्थायी सीडीपीओ की पदस्थापना से आंगनबाड़ी सेविकाओं और बाल विकास परियोजना के कार्यों में गति आने की उम्मीद जतायी जा रही है. सोमवार को बाल विकास परियोजना कार्यालय परिसर में अधिकारियों एवं कर्मियों ने नई सीडीपीओ का स्वागत किया, वहीं प्रभारी सीडीपीओ नितेश कुमार को उनके योगदान के लिए सम्मानपूर्वक विदाई भी दी. वर्षों बाद प्रखंड में स्थायी सीडीपीओ की तैनाती से कर्मियों और स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है.