खोदावंदपुर,बेगूसराय। दौलतपुर पंचायत के चलकी गांव स्थित श्रीराम-जानकी ठाकुरबाड़ी में बुधवार को कलश विसर्जन के साथ दो दिवसीय अष्टयाम महायज्ञ का श्रद्धापूर्वक समापन हो गया. धार्मिक अनुष्ठान के समापन अवसर पर श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ कलश विसर्जन किया तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की. मिली जानकारी के अनुसार 28 जुलाई को भव्य कलश शोभायात्रा के साथ अष्टयाम महायज्ञ का शुभारंभ हुआ था. पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन एवं धार्मिक अनुष्ठानों में बढ़-चढ़कर शामिल हुए. बुधवार की शाम कलश विसर्जन के साथ महायज्ञ का समापन हुआ. वहीं ठाकुरबाड़ी के पुजारी महंत राम लखन दास के नेतृत्व में आयोजित इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में सेवानिवृत्त शिक्षक रामकृष्ण पोद्दार, राजेंद्र महतो, रामचंद्र पंडित, रामजीवन पंडित, हीरा महतो, डॉ संजीव कुमार भारती, अरुण कुमार, देवेंद्र महतो, रामप्रकाश राकेश, मनोज महतो, श्याम सुंदर शर्मा, संजीत कुमार, रघुवर दास सहित अन्य ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.