बिना लाइसेंस के संचालित शहनाई विवाह भवन तारा हुआ सील, मंझौल एसडीओ के निर्देश पर प्रशासन ने की कार्रवाई

खोदावंदपुर,बेगूसराय। अनुमंडल पदाधिकारी मंझौल के निर्देश पर बुधवार को खोदावंदपुर प्रखंड क्षेत्र के फफौत पंचायत अंतर्गत शहनाई विवाह भवन, तारा को प्रशासन ने सील कर दिया. कार्रवाई के दौरान बीडीओ मिथिलेश बिहारी वर्मा एवं थानाध्यक्ष चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मुखिया प्रतिनिधि अनिल कुमार की मौजूदगी में विवाह भवन में ताला लगाकर उसे सील कर दिया. मिली जानकारी के अनुसार तारा गांव निवासी स्वर्गीय रामाशीष महतो के पुत्र विजय कुमार ने सहयोग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करायी थी. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि शहनाई विवाह भवन में नियमित रूप से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनमें देर रात तक तेज ध्वनि में डीजे एवं बाजा बजाया जाता है. इससे आस-पास रहने वाले लोगों की नींद प्रभावित होती है तथा बच्चों की पढ़ाई में भी बाधा उत्पन्न होती है. परिवाद में यह भी आरोप लगाया गया था कि कार्यक्रमों के दौरान आयोजित भोज के बाद जूठे पत्तल, प्लास्टिक ग्लास, मछली एवं मुर्गे की हड्डियां आसपास के घरों की छतों पर फेंक दी जाती है. इसके अलावा पटाखों की आतिशबाजी से भी स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. प्रशासनिक जांच में यह सामने आया कि तारा गांव निवासी स्वर्गीय रामशरण महतो के पुत्र शशि रंजन कुमार द्वारा घनी आबादी के बीच उक्त विवाह भवन का निर्माण कराया गया है. बताया गया कि विवाह भवन के संचालन के लिए आवश्यक लाइसेंस एवं सक्षम प्राधिकारी से अनुमति प्राप्त नहीं की गयी थी. इसी आधार पर अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर भवन को सील करने की कार्रवाई की गयी. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना वैधानिक अनुमति के संचालित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के विरुद्ध आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी.