खोदावंदपुर में छिनतई कांड का हुआ खुलासा, छीने गए सामान के साथ दो युवक गिरफ्तार

खोदावंदपुर,बेगूसराय। खोदावंदपुर थाना क्षेत्र में विगत 19 जुलाई को हुई छिनतई की दो अलग-अलग घटनाओं में से एक घटना का खुलासा हो गया है. पुलिस ने छीनी गयी चकती के साथ घटना में संलिप्त दो युवकों को गिरफ्तार किया है. पकड़ाए दोनों युवकों को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में बेगूसराय भेज दिया है. घटना की जानकारी पाकर खोदावंदपुर थाना पहुंचे मंझौल एसडीपीओ नवीन कुमार ने भी दोनों युवकों से पूछताछ किया. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार युवकों ने छिनतई की इन घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर लिया है. उन्होंने बताया कि विगत 19 जुलाई को थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग जगहों पर हुई छिनतई की घटनाओं की जांच सीसीटीवी के जरिए की गयी है. एसडीपीओ ने बताया कि छिनतई की घटना के संबंध में खोदावंदपुर थाना कांड संख्या- 92/26 दर्ज किया गया था, जिसमें पुलिस की जांच पड़ताल चल रही थी. उन्होंने बताया कि तकनीकी जांच के आधार पर धराए बदमाशों की पहचान समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के बोरिया गांव निवासी आनंद कुमार के 25 वर्षीय पुत्र कौशल कुमार तथा कर्रख गांव निवासी दिनेश साह के 24 वर्षीय पुत्र आदित्य राज के रूप में की गयी है. आदित्य राज पेशे से स्वर्णकार है, जो छिनतई का सामान खरीदता है. उन्होंने बताया कि छिनतई की घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर प्लस बाईक, छीनी गयी एक सोने की चकती तथा दूसरी ढ़ोलना बेचकर प्राप्त 7,000 रुपये नकद भी बरामद किये हैं.
क्या है मामला:-
बताते चलें कि विगत 19 जुलाई को खोदावंदपुर थाना क्षेत्र में छिनतई की दो अलग-अलग घटनाएं हुई थी. इस घटना से क्षेत्र के लोगों में दहशत फैल गयी थी. छिनतई की पहली घटना बेगूसराय रोसड़ा मुख्य पथ एस एच 55 पर सागी चौक के समीप हुई, जिसमें अपनी बच्चे का इलाज करवाकर ई-रिक्शा से वापस लौट रही छौड़ाही थाना क्षेत्र के पतला गांव निवासी संतोष साह की पुत्री बसंती कुमारी के साथ चकती छीनने की घटना हुई. जबकि छिनतई की दूसरी घटना इसी मुख्य सड़क पर बरियारपुर पश्चिमी पंचायत भवन के निकट हुई थी, जिसमें बाइक सवार बदमाशों ने बरियारपुर पश्चिमी गांव के वार्ड चार निवासी कारी महतो की पत्नी रंजू देवी के साथ हुई. यह महिला अपनी बेटी काजल कुमारी के साथ रोसड़ा डॉक्टर के यहां से ई-रिक्शा से वापस अपने घर लौट रही थी. रास्ते में घटनास्थल के समीप एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने इस महिला के गले से सोने की चकती झपट ली थी और मौके से फरार हो गया था.बदमाशों की गिरफ्तारी से पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ा है. पुलिस की इस उपलब्धि को क्षेत्र में हाल के दिनों में बढ़ी छिनतई की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है. इसकी जानकारी थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने दी है.