खोदावंदपुर,बेगूसराय। पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों द्वारा किए जा रहे धरना-प्रदर्शन पर कथित लाठीचार्ज और पुलिस कार्रवाई की प्रखंड कांग्रेस कमिटी, खोदावंदपुर ने कड़ी निंदा की है. प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद नाज हसन ने जारी बयान में कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा की गई कथित लाठीचार्ज की घटना लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है. उन्होंने कहा कि अपनी बात रखने का अधिकार प्रत्येक नागरिक को संविधान द्वारा प्राप्त है और इस प्रकार की कार्रवाई छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास है. उन्होंने नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच एजेंसी से जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. मोहम्मद नाज हसन ने यह भी मांग की कि छात्रों के समर्थन में देशभर में चल रहे विरोध-प्रदर्शनों के दौरान विभिन्न स्थानों पर दर्ज किए गए मामलों एवं प्रदर्शनकारियों पर की गई कानूनी कार्रवाई की समीक्षा कर उन्हें वापस लिया जाए. उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में छात्रों की जायज मांगों को बल प्रयोग से नहीं, बल्कि संवाद के माध्यम से सुना जाना चाहिये.