खोदावंदपुर,बेगूसराय। गायत्री परिवार बेगूसराय के तत्वावधान में रविवार को खोदावंदपुर प्रखंड के बाड़ा पंचायत अंतर्गत मिर्जापुर गांव में संगठन के पुनर्गठन एवं विस्तार को लेकर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में शांति, सद्भाव, नैतिक मूल्यों एवं भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार के साथ संगठन को और अधिक सशक्त बनाना था. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गायत्री परिवार के परिजनों एवं स्थानीय श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं गायत्री मंत्र के सामूहिक उच्चारण से हुई. इसके बाद प्रज्ञा गीतों एवं भक्ति भजनों की मनमोहक प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया. भजन गायकों की मधुर प्रस्तुतियों से उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे.
इस अवसर पर गायत्री परिवार खोदावंदपुर प्रखंड की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया. इसमें दिनेश कुमार उर्फ सीताराम महतो को प्रखंड संयोजक, रामचंद्र साह को प्रखंड सह-संयोजक, सरिता देवी को महिला प्रखंड संयोजक, पूनम कुमारी एवं अनीता देवी को महिला प्रखंड सह-संयोजक, प्रवीण कुमार को प्रखंड संयोजक, दिनकर कुमार को युवा प्रखंड सह-संयोजक, जवाहर महतो को भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा का प्रखंड संयोजक, राजेंद्र महतो एवं बैद्यनाथ सहनी को भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा का प्रखंड सह-संयोजक, सुरेश प्रसाद महतो को गृहे-गृहे गायत्री यज्ञ का प्रखंड संयोजक, अरविंद कुमार को प्रखंड आपदा प्रबंधन संयोजक तथा डॉ. देवेंद्र कुमार विमल को प्रखंड सप्त आंदोलन संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गयी.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला संयोजक अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि गायत्री परिवार केवल एक धार्मिक संगठन नहीं, बल्कि व्यक्ति, परिवार और समाज के नैतिक उत्थान का एक सशक्त आंदोलन है. उन्होंने नवगठित पदाधिकारियों से संगठन की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक लोगों को सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने का आह्वान किया. वहीं जिला सह-संयोजक सचिदानंद सिंह, गायत्री शक्ति पीठ के ट्रस्टी विनोद कुमार सिंह एवं भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा, पूर्वोत्तर बिहार के क्षेत्रीय समन्वयक हर्षवर्धन कुमार ने भी संगठन की गतिविधियों, संस्कार निर्माण और युवा पीढ़ी में भारतीय संस्कृति के संरक्षण की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला.
कार्यक्रम में महेन्द्र शर्मा, शिक्षाविद रामकृष्ण, गजेन्द्र कुमार जायसवाल, सिन्टु कुमार, बबलू कुमार, नंदलाल ठाकुर, रामेश्वर पासवान, अशोक महतो सहित गायत्री परिवार के अनेक कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे.
कार्यक्रम का सफल संचालन ज्ञान चंद्र राय ने किया, जबकि अंत में सुनील कुमार सिंह ने सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम का समापन गायत्री महायज्ञ की मंगलकामना एवं विश्व शांति की प्रार्थना के साथ हुआ.