आपसी विवाद में मारपीट, बच्चा समेत तीन घायल

खोदावंदपुर,बेगूसराय। खोदावंदपुर पंचायत के गौरवद्धा टोला स्थित वार्ड- 10 में सोमवार की संध्या आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गयी. घटना में एक ही परिवार के एक बच्चा सहित तीन लोग घायल हो गये. सभी घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, खोदावंदपुर में कराया गया. घटना को लेकर घायल गौरवद्धा टोला निवासी चरित्र यादव के पुत्र सुशील कुमार यादव ने खोदावंदपुर थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है. आवेदन में उन्होंने अपने पड़ोसी राम सागर यादव की पत्नी अनीता देवी तथा उनकी पुत्री खुशबू कुमारी पर लाठी-डंडे से हमला कर परिवार के सदस्यों को घायल करने का आरोप लगाया है. थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है. मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.