चार दिन बाद भी लापता छात्र का नहीं मिला कोई सुराग, परिजन चिंतित

खोदावंदपुर/बेगूसराय। चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के सकरबासा गांव निवासी मनोज महतो का 15 वर्षीय पुत्र गौरव कुमार बीते 25 जुलाई से लापता है. घटना के चार दिन बीत जाने के बावजूद उसका अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है, जिससे परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है. परिजनों के अनुसार गौरव बिना किसी को बताए घर से निकल गया था और उसके बाद से वापस नहीं लौटा. परिवार के लोगों ने अपने स्तर से आसपास के क्षेत्रों तथा रिश्तेदारों के यहां काफी खोजबीन की, लेकिन अब तक उसका कोई पता नहीं चल सका. लापता छात्र के पिता मनोज महतो ने बताया कि मामले की लिखित सूचना चेरिया बरियारपुर थाना में दे दी गयी है. उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को गौरव कुमार के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल मोबाइल नंबर- 7783031114 पर सूचना दें, ताकि उसे सकुशल घर वापस लाया जा सके. बताया जाता है कि गौरव कुमार कक्षा 10 का छात्र है. पुलिस भी मामले की जानकारी मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई में जुटी है.