जमीनी विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट, आठ लोग घायल, दोनों पक्षों ने थाने में दिया आवेदन

खोदावंदपुर,बेगूसराय। खोदावंदपुर पंचायत के मुसहरी गांव में पुरानी जमीनी विवाद को लेकर मंगलवार को दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गयी. घटना में दोनों पक्षों के कुल आठ लोग घायल हो गये.
*जख्मी रामशंकर राय, उनकी पत्नी, पुत्र, पुत्रवधू व पुत्री*
सभी घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, खोदावंदपुर में कराया गया, इनमें गंभीर रूप से घायल रामशंकर राय, मुन्नी देवी व रवीन्द्र कुमार को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय रेफर कर दिया गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार मुसहरी गांव के वार्ड 10 निवासी राम शंकर राय और रीझन राय के बीच लंबे समय से जमीनी विवाद चल रहा है. मंगलवार सुबह विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गये और लाठी-डंडे व अन्य हथियारों से मारपीट हो गयी. मारपीट में एक पक्ष के रामशंकर राय (62 वर्ष), उनकी पत्नी मुन्नी देवी (55 वर्ष), पुत्र रवीन्द्र कुमार (31 वर्ष), पुत्रवधू चांदनी कुमारी (25 वर्ष) तथा पुत्री कोमल कुमारी (21 वर्ष) घायल हो गये.
वहीं दूसरे पक्ष के रीझन राय, उनके पुत्र मुकेश कुमार एवं पार्वती देवी भी जख्मी हुये. जख्मी राम शंकर राय द्वारा थाना में दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि घर की मरम्मत के दौरान गाली-गलौज का विरोध करने पर रीझन राय के परिजनों ने लाठी-डंडा, खंती, भाला व लोहे की रॉड से हमला कर दिया. आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान उनकी पत्नी के गले से सोने की चकती छीन ली गयी तथा पुत्र की जेब में रखे लगभग पांच हजार रुपये भी निकाल लिए गये. साथ ही जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है. घटना के बाद दोनों पक्षों ने बुधवार को खोदावंदपुर थाना में आवेदन देकर एक-दूसरे के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.