वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मुख्यमंत्री ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, शिक्षा सुधार पर दिया जोर

खोदावंदपुर,बेगूसराय। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य सरकार की विभिन्न उपलब्धियों की जानकारी साझा की. इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से शिक्षा के क्षेत्र में किए गए सुधारों और नई योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरों की तर्ज पर अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी मॉडल स्कूल स्थापित किए गए हैं. प्रत्येक प्रखंड में संचालित इन मॉडल स्कूलों में आधुनिक तकनीक के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करायी जा रही है, इससे ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलने के साथ-साथ प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी में भी सहायता मिलेगी. उन्होंने बताया कि उच्च शिक्षा को सुलभ बनाने के उद्देश्य से प्रत्येक प्रखंड में डिग्री कॉलेज की स्थापना की गयी है. इससे ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए कई नई योजनाओं पर भी कार्य कर रही है. खोदावंदपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित कर्पूरी स्मृति भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का संबोधन देखा और सुना. कार्यक्रम में बीडीओ मिथिलेश बिहारी वर्मा, प्रखंड प्रमुख संजू देवी, उप प्रमुख नरेश पासवान, पंचायत समिति के सदस्य, विभिन्न पंचायतों के मुखिया तथा जीविका दीदियां उपस्थित रहीं. कार्यक्रम की जानकारी प्रखंड विकास पदाधिकारी मिथिलेश बिहारी वर्मा ने दी.