खोदावंदपुर/बेगूसराय। मधुबनी जिले के बेनीपट्टी प्रखंड से स्थानांतरित होकर आए रवि कुमार ने गुरुवार को खोदावंदपुर प्रखंड कार्यालय में पंचायत सचिव के पद पर अपना योगदान दिया. योगदान के उपरांत उन्हें मेघौल, फफौत, खोदावंदपुर एवं बरियारपुर पश्चिमी पंचायतों के पंचायत सचिव का प्रभार सौंपा गया. बताया जाता है कि इन चारों पंचायतों में पूर्व में पंचायत सचिव के पद पर कार्यरत राम नरेश यादव का कुछ दिन पूर्व आकस्मिक निधन हो गया था. उनके निधन के बाद इन पंचायतों में पंचायत सचिव का पद रिक्त हो गया था, जिससे प्रशासनिक एवं पंचायत संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे थे. रवि कुमार के योगदान के साथ ही चारों पंचायतों में लंबित विकास योजनाओं, प्रमाण पत्रों, अभिलेखों के संधारण तथा अन्य पंचायत संबंधी कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जतायी जा रही है. प्रखंड प्रशासन ने उनसे सभी पंचायतों में सरकार की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा आम लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान करने की अपेक्षा व्यक्त की है. नवनियुक्त पंचायत सचिव रवि कुमार ने कहा कि वे अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी एवं पारदर्शिता के साथ निर्वहन करेंगे तथा पंचायतों में विकास कार्यों को गति देने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे.