देशी कट्टा व मोबाइल के साथ युवक गिरफ्तार, भेजा गया न्यायिक अभिरक्षा में

खोदावंदपुर,बेगूसराय। खोदावंदपुर पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान एक युवक को देशी कट्टा एवं मोबाइल के साथ गिरफ्तार कर उसे मंगलवार को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया. गिरफ्तार युवक की पहचान समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थाना अंतर्गत रसलपुर गांव निवासी सुनील महतो के पुत्र नीतीश कुमार के रूप में हुई है. थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि सोमवार की रात दौलतपुर पंचायत के चलकी गांव के समीप नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान पुलिस को एक युवक की गतिविधि संदिग्ध लगी. तलाशी लेने पर उसके पास से एक देशी कट्टा एवं एक मोबाइल बरामद किया गया. इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया. थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में बेगूसराय मंडल कारा भेज दिया गया है.