केबीसी ईंट-चिमनी परिसर से चोरी हुए ट्रैक्टर का अब तक नहीं मिला सुराग, पुलिस जांच जारी

खोदावंदपुर,बेगूसराय। खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के बरियारपुर पूर्वी पंचायत स्थित मसुराज गांव के समीप केबीसी ईंट-चिमनी परिसर से विगत 5 जुलाई की अर्धरात्रि में डाला सहित चोरी हुए ट्रैक्टर का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है. घटना के तीन सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद वाहन बरामद नहीं होने से ट्रैक्टर मालिक की चिंता बढ़ गयी है. मिली जानकारी के अनुसार फफौत पंचायत के तारा गांव निवासी एवं केबीसी ईंट-चिमनी के संचालक राम शोभित महतो ने मामले को लेकर खोदावंदपुर थाना में दो अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है. इस संबंध में खोदावंदपुर थाना कांड संख्या- 80/26 दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है. आवेदन में बताया गया है कि 5 जुलाई की रात ईंट-चिमनी परिसर में खड़ा डाला सहित ट्रैक्टर अज्ञात चोर चोरी कर फरार हो गये. घटना की जानकारी मिलने के बाद आस-पास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन की गयी, लेकिन ट्रैक्टर का कोई पता नहीं चल सका. इसके बाद पीड़ित ने थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज करायी. ट्रैक्टर मालिक ने पुलिस प्रशासन से शीघ्र वाहन बरामद करने तथा चोरी में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है. वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है और ट्रैक्टर की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर छानबीन जारी है.