खोदावंदपुर, बेगूसराय। खोदावंदपुर पुलिस ने अवैध शराब धंधेबाज के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 517 लीटर विदेशी शराब के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है. इस दौरान शराब ढोने में प्रयुक्त एक चार पहिया वाहन को भी जब्त किया गया. पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब धंधेबाजों के बीच हड़कंप मच गया है. गिरफ्तार युवकों की पहचान दौलतपुर पंचायत के चलकी गांव निवासी रामजतन महतो के पुत्र अनमोल कुमार तथा बरियारपुर पूर्वी गांव निवासी जितेंद्र महतो के पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है. इसकी जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि बरियारपुर पूर्वी गांव में भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप पहुंचायी गयी है. सूचना के सत्यापन के बाद गुरुवार की देर रात पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी अभियान चलाया. छापेमारी के दौरान एक चार पहिया वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से कुल 517 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई. मौके पर मौजूद दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि शराब से लदे वाहन को भी जब्त कर थाना लाया गया. थानाध्यक्ष ने बताया कि जब्त शराब और वाहन को विधिवत कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गयी है. दोनों आरोपितों के विरुद्ध बिहार उत्पाद एवं मद्यनिषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पूछताछ के दौरान पुलिस शराब के अवैध नेटवर्क तथा इससे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है. उन्होंने कहा कि दोनों गिरफ्तार युवकों को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए बेगूसराय न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया गया है, साथ ही अवैध शराब के धंधा में संलिप्त अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जा रही है. खोदावंदपुर थाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इस धंधे में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जायेगा.