खोदावंदपुर,बेगूसराय। खोदावंदपुर थाना परिसर में शनिवार को आयोजित एक सम्मान समारोह में 35 वर्षों तक ईमानदारी और निष्ठा के साथ सेवा देने वाले चौकीदार सुरेश पासवान को सेवानिवृत्ति के अवसर पर माला एवं अंगवस्त्र भेंट कर भावभीनी विदाई दी गयी. सुरेश पासवान योगीडीह एवं मसुराज महाल के चौकीदार के रूप में कार्यरत थे और 31 जुलाई को विधिवत सेवानिवृत्त हुए. थाना परिसर में आयोजित विदाई समारोह को संबोधित करते हुए मंझौल एसडीपीओ नवीन कुमार ने कहा कि सुरेश पासवान ने अपने लंबे सेवाकाल में पूरी निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ पुलिस विभाग की जिम्मेदारियों का निर्वहन किया. उन्होंने कहा कि ऐसे कर्मठ और समर्पित कर्मियों का योगदान विभाग के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा. एसडीपीओ ने सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाली सभी सरकारी सुविधाओं और सहायता को उपलब्ध कराने का आश्वासन देते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की. कार्यक्रम के दौरान थाना परिवार की ओर से सुरेश पासवान को पुष्पमाला पहनाकर तथा अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया गया. उपस्थित अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और चौकीदारों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी. इस अवसर पर थानाध्यक्ष चंदन कुमार, पुअनि अख्तर हुसैन, एएसआई विवेककांत शेखर, पीटीसी भैरव प्रताप, समाजसेवी राम गुलजार महतो, नरेश पासवान सहित चौकीदार चन्द्रशेखर पासवान, दिनेश पासवान, गांगो महतो, अवधेश पासवान, रामबहादुर दास, घनश्याम कुमार, रंधीर कुमार, श्रीराम पासवान समेत थाना के अन्य पुलिसकर्मी एवं चौकीदार उपस्थित रहे. समारोह का माहौल आत्मीय और भावुक रहा तथा सभी ने सेवानिवृत्त चौकीदार के योगदान को याद करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी.