खोदावंदपुर,बेगूसराय। चेरिया बरियारपुर प्रखंड क्षेत्र के सकरबासा दुर्गा स्थान परिसर में रविवार को बेटर सोसाइटी, सकरबासा के तत्वावधान में मेधावी एवं आगामी मैट्रिक परीक्षार्थी छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में कुल 250 छात्र-छात्राओं को पुस्तक एवं कॉपी भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गयी. इससे पूर्व बेटर सोसाइटी सकरबासा के द्वारा आयोजित मेधा सम्मान समारोह का विधिवत उद्घाटन जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी राजू कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अतहर हुसैन एवं थानाध्यक्ष ज्योति कुमार बसु समेत अन्य ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों का बेटर सोसाइटी की ओर से मिथिला की पारंपरिक संस्कृति के अनुरूप माला, पाग, चादर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत किया गया. इस अवसर पर थानाध्यक्ष ज्योति कुमार बसु ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि "शिक्षा जीवन का श्रृंगार है. सूर्य की रोशनी से भी अधिक चमक शिक्षा में होती है. यदि जीवन में आगे बढ़ना है तो सभी बच्चों को पूरी लगन और ईमानदारी के साथ पढ़ाई करनी चाहिए." उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया. प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अतहर हुसैन ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे मजबूत नींव है. विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, समय का सदुपयोग तथा अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन में तैयारी कर सफलता प्राप्त करनी चाहिए. वहीं एडीएमओ राजू कुमार ने शिक्षा के साथ अच्छे संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. समारोह में मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में सफल छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के साथ-साथ आगामी मैट्रिक परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों का भी उत्साहवर्धन किया गया. आयोजकों ने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाना तथा उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है. कार्यक्रम की अध्यक्षता बेटर सोसाइटी, सकरबासा के अध्यक्ष शुभम राय ने की, जबकि मंच संचालन समाजसेवी राजेश कुमार ने किया. मौके पर बेटर सोसाइटी के उपाध्यक्ष अंकेश कुमार, सचिव चंदन कुमार पासवान, कोषाध्यक्ष गोविंद कुमार, प्रधानाध्यापक मायाराम चौधरी, विजय कुमार सिंह सहित दस विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.