खोदावंदपुर,बेगूसराय। खोदावंदपुर प्रखंड क्षेत्र में सोमवार को नागपंचमी का पर्व पारंपरिक रीति-रिवाज एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया. सुबह से ही श्रद्धालुओं ने नाग देवता की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगल की कामना की. परंपरा के अनुसार लोगों ने नीम की पत्तियां एवं दही का सेवन कर पर्व का शुभारंभ किया. नागपंचमी के अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न विसहरी मंदिरों में विशेष पूजा-पाठ एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया. पर्व को लेकर पूरे दिन धार्मिक एवं भक्तिमय वातावरण बना रहा. वहीं नागपंचमी के अवसर पर फफौत पुल घाट, बरियारपुर पश्चिमी रामघाट, चकवा सहित कई स्थानों पर भव्य मेले का आयोजन किया गया. मेले में रंग-बिरंगी दुकानों पर खिलौने, श्रृंगार सामग्री, मिठाइयां एवं घरेलू उपयोग की वस्तुओं की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी रही. बीच-बीच में झमाझम बारिश होने के बावजूद लोगों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी और बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने मेले का भरपूर आनंद उठाया. मेले में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बीपीआरओ संदीप कुमार, खोदावंदपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार पुलिस बल के साथ विभिन्न मेला स्थलों एवं संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त करते नजर आये. प्रशासन की सतर्कता के बीच पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ.