खोदावंदपुर,बेगूसराय। सावन माह की पहली सोमवारी पर खोदावंदपुर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. सुबह से ही महिला-पुरुष श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों में कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे. पूरे दिन मंदिर परिसर 'बम-बम भोले', 'हर-हर महादेव' और 'ॐ नमः शिवाय' के जयघोष से गुंजायमान रहा. सोमवारी को लेकर प्रखंड क्षेत्र के श्रीनव तारकेश्वर नाथ शिव मंदिर मटिहानी, सार्वजनिक बाबा शिव-हनुमान मंदिर बरियारपुर पश्चिमी, तेतराही, बाड़ा, मिर्जापुर, तारा, फफौत, मेघौल, सागीडीह, चलकी, मोहनपुर, नुरुल्लाहपुर, बेगमपुर, खोदावंदपुर, बरियारपुर पूर्वी, चकवा समेत अन्य शिवालयों को आकर्षक ढंग से सजाया गया. मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक तथा भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा. श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, भांग एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और मंगल की कामना की. मंदिरों में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर स्थानीय समिति के सदस्यों और स्वयंसेवकों ने व्यवस्था संभाली. दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और देर शाम तक पूजा-अर्चना का सिलसिला जारी रहा.