सीडी फोर्ट पब्लिक स्कूल में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित

खोदावंदपुर, बेगूसराय। सीडी फोर्ट पब्लिक स्कूल, इटवा की ओर से बेगूसराय स्थित एक होटल में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का आयोजन ब्यूटी सिंह, मंजु सनगही एवं समाजसेवी किरण जायसवाल के सौजन्य से किया गया. समारोह में जिले के कई गणमान्य शिक्षक एवं शिक्षिकाओं ने भाग लिया. समारोह को संबोधित करते हुए सीडी फोर्ट पब्लिक स्कूल की चेयरपर्सन मंजु सनगही ने कहा कि शिक्षक समाज के दर्पण और राष्ट्र निर्माता होते हैं, जिस समाज में शिक्षकों का सम्मान नहीं होता, वह समाज पतन की ओर अग्रसर होता है. उन्होंने कहा कि शिक्षकों को सम्मानित कर उन्हें स्वयं भी सम्मानित होने का गौरव महसूस हो रहा है. कार्यक्रम को वरीय शिक्षक भगवान दास, ब्यूटी सिंह, किरण जायसवाल समेत अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया. इस दौरान शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाले शिक्षकों को माला, शॉल एवं पुस्तक भेंटकर सम्मानित किया गया. समारोह में सबसे वरीय शिक्षक के रूप में भगवान दास, विशिष्ट शिक्षक मनोज कुमार तथा साहित्यकार डॉ भगवान प्रसाद सिन्हा एवं सुप्रसिद्ध कवयित्री प्रभा कुमारी को सम्मानित किया गया. इसके अलावा प्राथमिक विद्यालय रतनपुर की चंद्रलेखा कुमारी, उच्च विद्यालय बिशनपुर की सुधा देवी, भजन आश्रम मध्य विद्यालय रतनपुर की मंजू कुमारी, जीपीएस मकतब डुमरी के नीलेश कुमार तथा रामदिरी, बेगूसराय की ममता कुमारी को भी सम्मानित किया गया. कार्यक्रम को सफल बनाने में ब्यूटी सिंह एवं किरण जायसवाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. अंत में सीडी फोर्ट की चेयरमैन मंजु सनगही ने धन्यवाद ज्ञापन किया.