चौकीदार रामविनय पासवान के असामयिक निधन पर शोक सभा, दी गई श्रद्धांजलि

खोदावंदपुर,बेगूसराय। फफौत हल्का के चौकीदार 57 वर्षीय रामविनय पासवान के असामयिक निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है. फफौत पंचायत के चकवा गांव निवासी राम विनय पासवान का निधन गत 14 सितंबर की रात उनके निवास स्थान पर हो गया. वे पिछले कई वर्षों से गंभीर बीमारी से ग्रसित थे. उनके निधन की सूचना पर खोदावंदपुर थाना एवं अंचल कार्यालय में शोक सभा आयोजित कर दिवंगत चौकीदार को श्रद्धांजलि दी गयी. चौकीदार के असामयिक निधन पर खोदावंदपुर हल्का के चौकीदार अवधेश पासवान, राजाराम पासवान, चकयद्दु मालपुर के घनश्याम कुमार, बरियारपुर पश्चिमी के राम बहादुर दास, बेगमपुर गांव के दिनेश पासवान समेत अन्य लोगों ने दिवंगत चौकीदार के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. लोगों ने कहा कि रामविनय पासवान अपने कर्तव्य के प्रति समर्पित एवं व्यवहार कुशल व्यक्ति थे. उनके निधन से चौकीदार परिवार के साथ-साथ विभाग को भी अपूरणीय क्षति हुई है. रामविनय पासवान अपने पीछे पत्नी तारा देवी, चार पुत्र दीपक कुमार, सूरज कुमार, चंदन कुमार व गुलशन कुमार तथा दो पुत्रियों रीना देवी एवं नंदनी कुमारी को छोड़ गए है. नंदनी कुमारी अविवाहित हैं, जबकि अन्य सभी पुत्र-पुत्रियों विवाहित है.
दिवंगत चौकीदार का अंतिम संस्कार 16 सितंबर की शाम सिमरिया धाम स्थित श्मशान घाट पर किया गया. ज्येष्ठ पुत्र दीपक कुमार ने मुखाग्नि दी. अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में परिजन, ग्रामीण एवं सहकर्मी मौजूद रहे.