सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान को लेकर विशेष ग्राम सभा आयोजित *सार्वजनिक परिसंपत्तियों के सुदृढ़ीकरण व जनसुविधाओं के उन्नयन के लिए योजनाओं का किया गया चयन*

खोदावंदपुर/बेगूसराय। पंचायती राज विभाग के निर्देश पर सार्वजनिक परिसंपत्तियों के सुदृढ़ीकरण, अनुरक्षण एवं जनसुविधाओं के उन्नयन को लेकर गुरुवार को प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया. यह विशेष अभियान ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ के तहत 17 सितंबर से आगामी 31 मार्च तक संचालित किया जाना है. मेघौल, खोदावंदपुर, बाड़ा, बरियारपुर पश्चिमी, सागी सहित अन्य पंचायतों के पंचायत भवनों में संबंधित पंचायतों के मुखिया पुरुषोत्तम सिंह, शोभा देवी, बेबी देवी, सावित्री देवी एवं मोहम्मद इरशाद आलम की अध्यक्षता में विशेष ग्राम सभा हुई. ग्राम सभा में प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी संदीप कुमार की मौजूदगी में पंचायतों में आवश्यक एवं जनहित से जुड़ी योजनाओं का प्राथमिकता के आधार पर चयन किया गया तथा उनके अनुमोदन की कार्रवाई की गयी. बीपीआरओ संदीप कुमार ने बताया कि सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान का उद्देश्य पंचायत स्तर पर उपलब्ध सार्वजनिक परिसंपत्तियों को बेहतर बनाना, उनका आवश्यक अनुरक्षण कराना तथा आम लोगों को बेहतर जनसुविधाएं उपलब्ध कराना है. ग्राम सभा के माध्यम से स्थानीय जरूरतों को प्राथमिकता देकर योजनाओं का चयन किया जा रहा है, ताकि उपलब्ध संसाधनों का उपयोग जनहित में प्रभावी ढंग से किया जा सके. विशेष ग्राम सभा के सफल क्रियान्वयन में पंचायत सचिव रवि कुमार एवं वीर अभिमन्यु की देखरेख में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की गयी. ग्राम सभा में ग्राम कचहरी के सरपंच, उपसरपंच, पंच, वार्ड सदस्य, कार्यपालक सहायक, सफाई कर्मी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.
सामाजिक सरोकार से जुड़े 11 लोग सम्मानित:-
ग्राम पंचायत राज बरियारपुर पश्चिमी के पंचायत भवन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सामाजिक सरोकार के क्षेत्र में योगदान देने वाले 11 लोगों को सम्मानित किया गया. मुखिया सावित्री देवी की उपस्थिति में बीपीआरओ संदीप कुमार ने रामविलास तरुण, सेवानिवृत्त शिक्षक रामश्रेष्ठ पासवान, रामजपो महतो, पैक्स अध्यक्ष उमेश प्रसाद गुप्ता, सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता रामबहादुर दास, पत्रकार राजेश कुमार, समाजसेवी योगेन्द्र चौधरी, मृगेन्द्र उर्फ रामकुमार सहित 11 लोगों को मोमेंटो, प्रशस्ति-पत्र एवं चादर भेंटकर सम्मानित किया. इस अवसर पर पूर्व मुखिया टिंकू राय, रामपदारथ महतो, कृष्ण देव चौधरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.