खोदावंदपुर/बेगूसराय। विश्व स्वच्छता दिवस के अवसर पर खोदावंदपुर प्रखंड क्षेत्र के चर्चित युवा पर्यावरण कार्यकर्ता एवं ‘युवा ऑक्सीजन मैन’ सरोज कुमार ने रविवार को बरियारपुर पश्चिमी पंचायत स्थित नागाधाम, तारा बरियारपुर परिसर में पौधारोपण किया. इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की. सरोज कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण के साथ-साथ जल एवं ऊर्जा का संरक्षण, प्लास्टिक के उपयोग में कमी तथा लोगों के बीच जागरूकता फैलाना जरूरी है. पर्यावरण जीवन का आधार है. इसकी रक्षा कर ही आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छ एवं हरा-भरा पर्यावरण आवश्यक है. इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए. इस मौके पर चंद्रगुप्त मुनि ने कहा कि स्वच्छता अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से चलने वाला अभियान है. इसमें आम नागरिकों, स्वयंसेवी संगठनों और विभिन्न समुदायों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है. जागरूकता बढ़ने से सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता को लेकर लोगों में जिम्मेदारी की भावना विकसित हो रही है. इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने पौधों की देखभाल और पर्यावरण संरक्षण में निरंतर सहयोग करने का संकल्प लिया.