रोगी कल्याण समिति की बैठक में अस्पताल की व्यवस्थाओं पर हुई चर्चा *ढाई लाख रुपये की राशि से सीएचसी भवन की रंगाई-पुताई कराने का प्रस्ताव पारित, निर्माणाधीन भवन की गुणवत्ता जांच की मांग*

खोदावंदपुर,बेगूसराय। प्रखंड रोगी कल्याण समिति की बैठक मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, खोदावंदपुर में हुई. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी मिथिलेश बिहारी वर्मा ने की. बैठक में अस्पताल की व्यवस्थाओं, रोगियों की सुविधाओं तथा निर्माण कार्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गयी. समिति के सचिव सह प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनिल प्रसाद ने सदस्यों को बैठक के एजेंडे एवं अस्पताल से संबंधित विभिन्न विषयों की जानकारी दी. अस्पताल के कोष में जमा करीब ढाई लाख रुपये की राशि से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन की रंगाई-पुताई कराने का प्रस्ताव बैठक में पारित किया गया. इसके अलावा अस्पताल में आने वाले रोगियों की आवश्यकताओं को देखते हुए जरूरी सामानों की खरीदारी करने की भी स्वीकृति दी गयी. बैठक के दौरान समिति के सदस्यों ने अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन जांच घर एवं कार्यालय भवन के निर्माण कार्य में कथित गड़बड़ी का मुद्दा उठाया. सदस्यों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए इसकी तकनीकी विशेषज्ञों एवं वरीय अधिकारियों से जांच कराने की मांग की. सदस्यों का कहना था कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिये. बैठक में बिहार सरकार के पूर्व गन्ना राज्यमंत्री मंत्री अशोक कुमार, सदस्य ललित पासवान, मनोज सहनी, रंजीत पासवान, बीएचएम सत्यदर्शी कुमार, लेखापाल अशोक राम, बीसीएम वकील मोची, एएनएम प्रमिला कुमारी सहित रोगी कल्याण समिति के अन्य सदस्य मौजूद थे.