राजेश कुमार,खोदावंदपुर/बेगूसराय। खोदावंदपुर प्रखंड क्षेत्र में सोमवार को गणेश चतुर्थी, चौरचन एवं हरतालिका तीज का पर्व पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया. तीनों पर्वों को लेकर सुबह से ही क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना रहा. पूजा-अर्चना एवं प्रसाद की तैयारी के साथ ह चौक-चौराहों और बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ देखी गयी. गणेश चतुर्थी एवं चौरचन को लेकर श्रद्धालुओं ने फल, दूध एवं अन्य पूजा सामग्रियों की जमकर खरीदारी की. पर्व के कारण फलों की कीमतों में उछाल देखने को मिला, वहीं दूध की किल्लत से भी लोगों को दो-चार होना पड़ा. ग्रामीण क्षेत्रों में सामान्य दिनों में 40 से 50 रुपये प्रति लीटर मिलने वाला दूध सोमवार को 80 से 90 रुपये प्रति लीटर तक बिका. इसके बावजूद श्रद्धालुओं ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार पूजा एवं प्रसाद की सामग्री की खरीदारी की. महिलाएं अहले सुबह पवित्र स्नान कर नये वस्त्र धारण कर पूजा-अनुष्ठान की तैयारी में जुट गयी. कई महिलाओं ने दिनभर निराहार रहकर गणेश चतुर्थी के लिए पारंपरिक प्रसाद तैयार किया. शाम में श्रद्धालुओं ने उदयाचल चंद्रमा को अर्घ अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की. इसके बाद परिवार एवं परिजनों के साथ प्रसाद ग्रहण किया गया.
वहीं दूसरी ओर हरतालिका तीज को लेकर सुहागिन महिलाओं में विशेष उत्साह देखा गया. महिलाओं ने अपने अखंड सुहाग, पति की दीर्घायु एवं परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के साथ मां पार्वती एवं भगवान शिव की आराधना की. सोमवार की रात महिलाओं ने जागरण कर भजन-कीर्तन एवं धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया, जिससे पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय बना रहा. तीज व्रत को लेकर कई स्थानों पर रातभर भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा. मंगलवार की सुबह ब्राह्मण भोजन एवं पारण के साथ तीज व्रत का अनुष्ठान संपन्न हुआ. दोनों पर्वों के अवसर पर प्रखंड क्षेत्र में दिनभर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा.