खोदावंदपुर, बेगूसराय। खोदावंदपुर थाना क्षेत्र में बाइक चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. बाड़ा पेठिया परिसर से महज एक सप्ताह के अंदर अज्ञात चोरों ने दो बाइक चोरी कर ली. दोनों घटनाओं में बाइक मालिक सब्जी खरीदने के लिए पेठिया पहुंचे थे. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से वाहन मालिकों में भय का माहौल है. मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की शाम बाड़ा पेठिया में सब्जी खरीदने पहुंचे बरियारपुर पश्चिमी पंचायत के वार्ड- 13 निवासी स्व. सूरज लाल के पुत्र संतोष लाल की स्प्लेंडर बाइक बीआर 09 एक्स 8318 अज्ञात चोरों ने चोरी कर ली. पेठिया से लौटने पर बाइक गायब देख उन्होंने आस-पास काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. इससे एक सप्ताह पूर्व 13 सितंबर को बाड़ा पेठिया में सब्जी खरीदने पहुंचे फफौत पंचायत के चकवा गांव निवासी योगेंद्र दास के पुत्र संतोष कुमार दास की बाइक बीआर 09 एल 3743 भी अज्ञात चोरों ने चोरी कर ली थी. दोनों घटनाओं में अबतक चोरी हुई बाइकों का कोई सुराग नहीं मिल सका है. बताया जाता है कि पिछले दो वर्षों के दौरान खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से करीब दो दर्जन से अधिक बाइक चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी है. वाहन मालिकों का आरोप है कि चोरी हुई कई बाइकों का अबतक पता नहीं चल सका है. लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद बाइक चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगने से लोगों में नाराजगी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि हाट-बाजार एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर वाहन सुरक्षा को लेकर विशेष निगरानी की आवश्यकता है. लोगों ने पुलिस प्रशासन से बाइक चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने, पूर्व में चोरी हुई बाइकों का पता लगाने तथा चोर गिरोह के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है.