राजेश कुमार,खोदावंदपुर/बेगूसराय। सहरसा में प्रभात खबर के पत्रकार अभिषेक कुमार पर हुए कथित जानलेवा हमले के विरोध में बेगूसराय शहर के पत्रकारों ने सोमवार को मौन जुलूस निकालकर विरोध जताया. मौन जुलूस का नेतृत्व बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन से संबद्ध जिला पत्रकार संघ, बेगूसराय के अध्यक्ष प्रो. शालिग्राम सिंह एवं पत्रकार सुधांशु प्रकाश ने संयुक्त रूप से किया. पत्रकार हड़ताली चौक से मौन जुलूस की शक्ल में निकले और नगरपालिका चौक होते हुए कैंटीन चौराहा पहुंचे, जहां जुलूस सभा में तब्दील हो गया. इस दौरान पत्रकारों ने सहरसा की घटना की निंदा करते हुए पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की. इसके बाद पत्रकारों की एक सदस्यीय टीम ने जिलाधिकारी रिची पांडेय से मुलाकात कर उन्हें स्मारपत्र सौंपा. पत्रकारों ने जिलाधिकारी से बिहार सरकार तक उनकी मांगों को पहुंचाने और पत्रकारों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया.
मालूम हो कि प्रभात खबर के सहरसा संवाददाता अभिषेक कुमार गत 12 सितंबर को दोपहर करीब 2:30 बजे सदर अस्पताल, सहरसा में मिड-डे मील खाने के बाद बच्चों के बीमार होने की सूचना पर समाचार संकलन के लिए पहुंचे थे. इस दौरान पत्रकार अभिषेक कुमार के साथ कथित रूप से मारपीट, गाली-गलौज और उन्हें बंधक बनाए जाने का आरोप लगाया गया है. आरोप है कि इस दौरान उनका सामान भी छीन लिया गया. घटना को लेकर पत्रकारों में आक्रोश व्याप्त है. सभा को संबोधित करते हुए पत्रकारों ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में जनहित से जुड़े मुद्दों को सामने लाने का कार्य करते हैं. ऐसे में समाचार संकलन या कवरेज के दौरान पत्रकारों को रोकना, धमकाना अथवा उनके साथ हिंसक व्यवहार करना गंभीर मामला है. पत्रकारों ने कहा कि किसी भी प्रकार की घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिये. इस मौन जुलूस में जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष प्रो. शालिग्राम सिंह, पत्रकार सुधांशु प्रकाश, विजय कुमार झा, धनंजय झा, जितेंद्र कुमार, संजय कुमार, मोहम्मद नबी आलम, प्रशांत कुमार, सुरेंद्र किशोरी, गुलशन कुमार, विजय कुमार सहित दर्जनों पत्रकार शामिल थे.