राजेश कुमार,खोदावंदपुर/बेगूसराय। जिला साहित्य अकादमी, बेगूसराय के सौजन्य से हिंदी दिवस के अवसर पर कर्मयोगी सभागार में हिंदी दिवस सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया. इस अवसर पर साहित्य, कला, संस्कृति और पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी लेखनी, प्रतिभा एवं निष्ठापूर्ण कर्तव्य के माध्यम से उल्लेखनीय योगदान देने वाले जिले के नौ व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया. साहित्य सृजन के क्षेत्र में छह साहित्यकारों को सम्मानित किया गया. इनमें डॉ. भगवान प्रसाद सिन्हा, प्रो. राम कृष्ण, विद्यासागर ब्रह्मचारी, मुकेश कुमार, डॉ. प्रभा कुमारी और सुनीता कुमारी शामिल हैं. इनमें डॉ. भगवान प्रसाद सिन्हा एवं प्रो. राम कृष्ण खोदावंदपुर प्रखंड के निवासी हैं. दोनों के सम्मानित होने से क्षेत्र के साहित्य-प्रेमियों एवं बुद्धिजीवियों में हर्ष व्याप्त है.
वहीं पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए अशोक कुमार एवं विजय कुमार झा को सम्मानित किया गया. कला के क्षेत्र में रंगकर्मी मेनका मल्लिक को सम्मान प्रदान किया गया. सम्मान समारोह के दौरान अतिथियों ने सभी सम्मानित व्यक्तित्वों के साहित्य, कला और पत्रकारिता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की. समारोह की अध्यक्षता डॉ. सीताराम सिंह 'प्रभंजन' ने की, जबकि मंच का कुशल संचालन डॉ. सच्चिदानंद पाठक ने किया. तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. राम रेखा ने किया. मंचस्थ अतिथियों में राजेंद्र राजन, डॉ. चंद्रभानु प्रसाद सिंह, सचिव अग्निशेखर, प्रो. राम नरेश पंडित 'रमण', नरेंद्र कुमार सिंह एवं डॉ. सपना चौधरी उपस्थित रहे. अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति से समारोह की शोभा बढ़ी.