खोदावंदपुर,बेगूसराय। बरियारपुर पश्चिमी पंचायत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-93 की सहायिका विभा कुमारी ने बुधवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया. उन्होंने घरेलू कार्यों में व्यस्तता एवं समय के अभाव का हवाला देते हुए अपना त्याग-पत्र प्रखंड बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, खोदावंदपुर को सौंपा है. बताते चलें कि आंगनबाड़ी सहायिका विभा कुमारी के जीविका सीएम के रूप में कार्य करने को लेकर ‘आंगनबाड़ी सहायिका पर जीविका सीएम के रूप में कार्य करने का आरोप’ शीर्षक से राष्ट्र संवाद में खबर प्रकाशित हुई थी. खबर में बताया गया था कि विभा कुमारी आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-93 की सहायिका के पद पर कार्यरत रहने के साथ वर्ष 2015 से अंशु जीविका महिला ग्राम संगठन, बरियारपुर पश्चिमी में जीविका सीएम के रूप में भी कार्य कर रही थीं. खबर प्रकाशित होने के बाद बुधवार को सहायिका द्वारा स्वेच्छा से अपने पद से त्याग-पत्र दिए जाने की जानकारी सामने आयी, हालांकि अपने त्याग-पत्र में उन्होंने घरेलू कार्यों में व्यस्तता एवं समय के अभाव को इस्तीफे का कारण बताया है. सहायिका के स्वेच्छा से पद छोड़ने के बाद अब आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-93 में नयी सहायिका की बहाली का रास्ता साफ हो गया है. विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार नयी सहायिका के चयन की कार्रवाई की जा सकेगी.