मांगों के समर्थन में बीपीआरओ ने बांह पर काला बिल्ला लगाकर किया विरोध *बिहार पंचायत सेवा संघ के आह्वान पर सांकेतिक प्रदर्शन, मांगें पूरी नहीं होने पर सामूहिक अवकाश पर जाने की चेतावनी*

राजेश कुमार,खोदावंदपुर/बेगूसराय। बिहार पंचायत सेवा संघ के आह्वान पर खोदावंदपुर के प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी संदीप कुमार ने सोमवार को अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में बांह पर काला बिल्ला लगाकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान उन्होंने कार्यालय में नियमित रूप से कार्यों का निष्पादन करते हुए विरोध दर्ज कराया. बीपीआरओ संदीप कुमार ने बताया कि बिहार पंचायत सेवा से जुड़े पदाधिकारियों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर संघ के आह्वान पर सांकेतिक विरोध कार्यक्रम चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि मांगों के प्रति सरकार एवं विभाग का ध्यान आकृष्ट कराने के लिए काला बिल्ला लगाकर कार्य किया गया. उन्होंने बताया कि प्रमुख मांगों में प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों को राजपत्रित पदाधिकारी का दर्जा प्रदान करना तथा उन्हें पुनः पंचायत समिति का कार्यपालक पदाधिकारी बनाए जाने की व्यवस्था शामिल है. इसके अलावा प्रथम प्रोन्नति को लेवल-7 से बढ़ाकर लेवल-9 किए जाने की भी मांग की गयी है. संघ की अन्य मांगों में बिहार पंचायत सेवा का पुनर्गठन करते हुए सभी प्रोन्नति पदों पर प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों के पदस्थापन की व्यवस्था करना शामिल है. वहीं एसीईओ एवं एडीपीआरओ के लिए कार्यालय और वाहन की व्यवस्था करने तथा पंचायत राज व्यवस्था से संबंधित संपूर्ण कार्य का दायित्व पंचायत एवं प्रखंड कार्यालय की तर्ज पर प्रखंड पंचायत कार्यालय को दिए जाने की भी मांग की जा रही है. बीपीआरओ ने बताया कि कार्यालय कार्यों के सुचारू निष्पादन के लिए पर्याप्त संख्या में लिपिकीय कर्मियों की व्यवस्था करने और कार्यालय खर्च के लिए कंटीजेंसी मद उपलब्ध कराने की मांग भी संघ द्वारा की गयी है. उन्होंने कहा कि यदि संगठन की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो बिहार पंचायत सेवा संघ आगे की रणनीति के तहत सामूहिक अवकाश पर जाने पर विचार कर सकता है. उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार एवं संबंधित विभाग पदाधिकारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र निर्णय लेंगे.